प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने किया स्पीकर बिरला का अभिनंदन
कोटा। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों के लिए विषय चयन के नियमों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की तर्ज पर लागू करवाने के ऐतिहासिक और छात्र-हितैषी निर्णय पर निजी स्कूल संचालकों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हृदय से आभार व्यक्त किया है। इस नई व्यवस्था से लाखों विद्यार्थियों को अपनी पसंद के विषय चुनने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।
प्राइवेट स्कूल वेलफेयर सोसाइटी (PSWS) के अध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को निजी स्कूल संचालकों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके कोटा प्रवास के दौरान मुलाकात की। इस दौरान स्कूल संचालकों ने अध्यक्ष जी का माल्यार्पण कर तथा साफा व शॉल ओढ़ाकर भव्य अभिनंदन किया। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा के क्षेत्र में उनके त्वरित और सकारात्मक हस्तक्षेप के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
सोसाइटी के सदस्यों ने बताया कि लंबे समय से आरबीएसई में अध्ययनरत छात्रों को 11वीं और 12वीं कक्षा में दो अनिवार्य भाषाएं पढ़नी पड़ती थीं। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव पड़ता था, जिसके कारण विद्यार्थी सीबीएसई की ओर पलायन कर रहे थे। कुछ समय पूर्व ही इस गंभीर समस्या को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा गया था।
ओम बिरला जी के मार्गदर्शन और त्वरित पहल के बाद, राज्य सरकार के शिक्षा विभाग ने 13 अप्रैल को आदेश जारी कर नियमों में बड़ा बदलाव किया है। नई शिक्षा नीति के तहत अब आरबीएसई के 11वीं के विद्यार्थी भी सीबीएसई की तरह 4 ऐच्छिक (Optional) विषयों के साथ केवल 1 अनिवार्य विषय (अंग्रेजी) की पढ़ाई कर सकेंगे।
निजी स्कूल संचालकों ने इस बात पर भी खुशी जाहिर की कि नई व्यवस्था के तहत विद्यार्थियों को फिजिकल एजुकेशन और कंप्यूटर विज्ञान जैसे विषयों को चौथे ऐच्छिक विषय के रूप में चुनने की छूट मिली है। इससे न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक और तकनीकी विकास को बल मिलेगा, बल्कि उन पर से अनावश्यक परीक्षा का दबाव भी कम होगा। जो छात्र पुरानी व्यवस्था (3 ऐच्छिक और 2 अनिवार्य विषय) के साथ पढ़ना चाहते हैं, उनके लिए भी विकल्प खुला रखा गया है।
यह भी पढ़ें – बूंदी : 10 हजार की रिश्वत मांगने वाले दोलतपुरा पटवारी के खिलाफ ACB ने किया केस दर्ज
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर PSWS अध्यक्ष संजय शर्मा के साथ शहर के कई प्रमुख स्कूल निदेशक उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल में कुलदीप माथुर, कुंज बिहारी गौतम, आर.के. शर्मा, राजेंद्र सिंह सोलंकी, ए.जी. मिर्जा, राजेंद्र शर्मा, मधु टाइटस, अजय शर्मा, प्रतीक अग्रवाल, रवि गौरव शर्मा, मोहित गौतम, अर्जुन अजमेरा, गीत जोशी, अभय बैजल, गौरव सूद, चंद्रप्रकाश शर्मा, सुनील शर्मा, सुनील शर्मा मयूरी, कैलाश राठौड़ और वीरेंद्र गौड़ शामिल थे।





