📅 शनिवार, 28 नवंबर 2026
ताज़ा
पंचायत चुनाव में खेला – विचारधारा भूल कांग्रेस-भाजपा ने निर्दलीयों को मिलकर बनाया प्रधानरोकने पर भड़के MLA चांदना, CI से बोले- किस आदेश से रोक रहे हो,कानून से ऊपर नहीं हो तुमकिसानों को यूरिया-DAP के साथ अटेचमेंट थमाने को लेकर हाईकोर्ट का आदेशजिला प्रमुख बनीं कांग्रेस की हंसा गुर्जर, 20 वोट मिले; भाजपा के मनीष सैनी को 7 मतस्कूली बच्चों को लेने पहुंची कार के ब्रेक फेल, विद्युत पोल से टकराकर पलटीबूंदी जिला प्रमुख के लिए कांग्रेस से हंसा गुर्जर का नाम तय,भाजपा से मनीष सैनी पर विचार

पंचायत चुनाव में खेला – विचारधारा भूल कांग्रेस-भाजपा ने निर्दलीयों को मिलकर बनाया प्रधान

CITY NEWS · · 5 मिनट में पढ़ें
पंचायत चुनाव में खेला – विचारधारा भूल कांग्रेस-भाजपा ने निर्दलीयों को मिलकर बनाया प्रधान
अक्षर:

बसपा और नरेश मीणा समर्थित प्रत्याशियों को रोकने के लिए बदले सियासी समीकरण

बूंदी। पंचायत चुनाव में जिले की राजनीति ने शुक्रवार को ऐसा रंग दिखाया, जिसकी कल्पना शायद ही किसी ने की हो। सिद्धांत और विचारधारा की लड़ाई में आमने-सामने रहने वाली कांग्रेस और भाजपा कई पंचायत समितियों में एक-दूसरे के साथ खड़ी नजर आईं। कहीं बसपा को रोकने के लिए दोनों दलों ने निर्दलीय का साथ दिया तो कहीं बहुमत वाली पार्टी का प्रधान नहीं बन पाया। क्रॉस वोटिंग, दलबदल और सियासी गठजोड़ के बीच 8 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव हुए और नतीजों ने जिले की राजनीति के नए समीकरण सामने ला दिए।

सबसे ज्यादा चर्चा केशवरायपाटन और लाखेरी पंचायत समितियों की रही, जहां कांग्रेस और भाजपा ने अपने राजनीतिक मतभेद भुलाकर निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन दिया। नरेश मीणा समर्थित बसपा प्रत्याशियों को प्रधान बनने से रोकने के लिए दोनों दलों के सदस्य एकजुट हुए। केशवरायपाटन में निर्दलीय हेमंत कुमार बागड़ी और लाखेरी में निर्दलीय बबली मीणा प्रधान निर्वाचित हुईं। पंचायत चुनाव के इस घटनाक्रम ने जिले की राजनीति में नए गठजोड़ और अंदरूनी खींचतान को उजागर कर दिया।

के.पाटन में कांग्रेस-भाजपा का साथ, निर्दलीय हेमंत बागड़ी प्रधान

केशवरायपाटन पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी हेमंत कुमार बागड़ी ने बसपा प्रत्याशी को पराजित कर जीत दर्ज की। हेमंत बागड़ी को कांग्रेस और भाजपा के सदस्यों का समर्थन मिला। बसपा प्रत्याशी को 15 में से 7 मत मिले, जबकि हेमंत बागड़ी एक मत के अंतर से जीतकर प्रधान बनीं। चुनाव के दौरान बसपा समर्थकों ने कांग्रेस और भाजपा पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शनकर और नारेबाजी की। यहां दोनों प्रमुख दलों का एक साथ आना राजनीतिक रूप से बड़ा चर्चा का विषय बना।

लाखेरी में बबली मीणा के समर्थन में दोनों दलों के सदस्य एकजुट

लाखेरी पंचायत समिति में निर्दलीय प्रत्याशी बबली मीणा प्रधान निर्वाचित हुईं। प्रधान पद के चुनाव में बबली मीणा को 8 मत मिले। बसपा प्रत्याशी गोविंद मीणा सहित अन्य प्रत्याशियों को 7 मत मिले। बबली मीणा की जीत के बाद समर्थकों ने जमकर जिंदाबाद के नारे लगाए। चुनाव के दौरान बस स्टैंड सहित ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों में उत्साह नजर आया। यहां भी कांग्रेस और भाजपा के सदस्यों ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में एकजुटता दिखाई।

खटकड़ में कांग्रेस के बहुमत के बावजूद निर्दलीय ललिता ने मारी बाजी

नवगठित खटकड़ पंचायत समिति में चुनाव ने कांग्रेस को चौंका दिया। स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस अपना प्रधान नहीं बना पाई। निर्दलीय प्रत्याशी ललिता कुमारी ने 15 में से 12 मत हासिल कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रामसिया को केवल 3 मत मिले। ललिता को निर्दलीय, बसपा, भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों का समर्थन मिलने की चर्चा रही। इस नतीजे ने कांग्रेस के भीतर सदस्यों की एकजुटता पर सवाल खड़े कर दिए।

नैनवां में भाजपा के टिकट पर जीते राजाराम कांग्रेस के प्रधान बने

नैनवां पंचायत समिति में भी चुनावी समीकरणों ने सबको चौंकाया। भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित राजाराम मीणा ने कांग्रेस के सिंबल पर प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया। वहीं भाजपा की नेहा शर्मा और बसपा के हरिराम मीणा ने भी चुनाव मैदान में उतरकर मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया। मतदान में राजाराम मीणा को 12, भाजपा की नेहा शर्मा को 7 और बसपा के हरिराम मीणा को 4 मत मिले। राजाराम मीणा ने 5 मतों से जीत दर्ज की। इस तरह भाजपा के टिकट पर जीते सदस्य कांग्रेस के समर्थन से प्रधान बन गए।

बूंदी में कांग्रेस के जगरूप सिंह रंधावा प्रधान

बूंदी पंचायत समिति में कांग्रेस के जगरूप सिंह रंधावा प्रधान निर्वाचित हुए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी उदयलाल गुर्जर को 6 मतों से पराजित किया। रंधावा को 10 मत मिले, जबकि उदयलाल गुर्जर को 4 मत प्राप्त हुए। एक मत खारिज हुआ। पंचायत समिति में कांग्रेस के 9, भाजपा के 5 और बसपा का एक सदस्य था। चुनाव परिणाम में कांग्रेस को एक अतिरिक्त मत मिला, जिसे बसपा सदस्य का समर्थन माना जा रहा है। भाजपा के पांच सदस्यों ने मतदान किया, लेकिन एक मत निरस्त हो गया।

हिंडोली में कांग्रेस की गायत्री शर्मा प्रधान

हिंडोली पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी गायत्री शर्मा प्रधान निर्वाचित हुईं। गायत्री शर्मा को 10 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी लीला देवी को 4 मत प्राप्त हुए। बसपा के तीन सदस्य मतदान के लिए नहीं पहुंचे। गायत्री शर्मा ने भाजपा प्रत्याशी को पराजित कर प्रधान पद हासिल किया।

तालेड़ा में मीनाक्षी शर्मा ने भाजपा को हराया

तालेड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी शर्मा प्रधान निर्वाचित हुईं। उन्हें 16 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी ममता गुर्जर को 9 मत प्राप्त हुए। मीनाक्षी शर्मा ने 7 मतों से जीत दर्ज की। वह पूर्व उपप्रधान रघु शर्मा की पत्नी हैं। पंचायत समिति सदस्य चुनाव में उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष नूपुर मालव को पराजित किया था। प्रधान चुनाव में कांग्रेस के एक सदस्य की क्रॉस वोटिंग की चर्चा के बावजूद मीनाक्षी शर्मा जीतने में सफल रहीं।

दबलाना में चेतना बैरवा ने भाजपा को हराया

दबलाना पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी चेतना बैरवा प्रधान निर्वाचित हुईं। चेतना बैरवा को 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी शिवराज कंजर को 5 मत प्राप्त हुए। इस तरह चेतना बैरवा ने जीत दर्ज कर पंचायत समिति की कमान संभाली।

कोई गलती दिखी? हमें बताएं · संपादकीय नीति

और पढ़ें: bundi