📅 बुधवार, 25 नवंबर 2026
ताज़ा
जिला प्रमुख बनीं कांग्रेस की हंसा गुर्जर, 20 वोट मिले; भाजपा के मनीष सैनी को 7 मतस्कूली बच्चों को लेने पहुंची कार के ब्रेक फेल, विद्युत पोल से टकराकर पलटीबूंदी जिला प्रमुख के लिए कांग्रेस से हंसा गुर्जर का नाम तय,भाजपा से मनीष सैनी पर विचारपं नेहरू की प्रतिमा हटाने का विवाद: पायलट, डोटासरा और जूली बोले- राज्य सरकार की संकीर्ण मानसिकताप्राचीन तालाब और बावड़ी की जमीन पर अतिक्रमण, ग्रामीणों ने डाबी थाना पुलिस को सौंपा ज्ञापनबून्दी में दिखेगा विरासत और विकास का संगम, जल्द शुरू होगा फ्लाइओवर का काम

जिला प्रमुख बनीं कांग्रेस की हंसा गुर्जर, 20 वोट मिले; भाजपा के मनीष सैनी को 7 मत

CITY NEWS · · 4 मिनट में पढ़ें
जिला प्रमुख बनीं कांग्रेस की हंसा गुर्जर, 20 वोट मिले; भाजपा के मनीष सैनी को 7 मत
अक्षर:

कांग्रेस के बहुमत में एक वोट की सेंधमारी, क्रॉस वोटिंग से भाजपा को मिला अतिरिक्त मत

बूंदी। जिला परिषद में जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस प्रत्याशी हंसा गुर्जर जिला प्रमुख निर्वाचित हुईं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मनीष सैनी को 13 मतों से पराजित किया। मतदान में हंसा गुर्जर को 20 और मनीष सैनी को 7 वोट मिले। कांग्रेस के पास जिला परिषद में 21 सदस्यों का बहुमत होने के बावजूद प्रत्याशी को 20 वोट मिलने से एक वोट की क्रॉस वोटिंग सामने आई। वहीं भाजपा को अपने 6 सदस्यों के मुकाबले एक अतिरिक्त वोट मिला।

जिला प्रमुख पद के लिए कांग्रेस की ओर से हंसा गुर्जर और भाजपा की ओर से मनीष सैनी ने नामांकन दाखिल किया था। दोनों नामांकन जांच में सही पाए जाने के बाद दोपहर 3 बजे मतदान शुरू हुआ। सबसे पहले भाजपा के छह सदस्यों ने मनीष सैनी के पक्ष में मतदान किया। इसके बाद कांग्रेस के सदस्यों ने एक-एक कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना हुई, जिसमें हंसा गुर्जर को विजयी घोषित किया गया। जैसे ही निर्वाचन अधिकारी ने हंसा गुर्जर के जिला प्रमुख निर्वाचित होने की घोषणा की, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई।

अशोक चांदना ने संभाली चुनाव की कमान

जिला प्रमुख चुनाव के दौरान हिंडोली विधायक एवं पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने कांग्रेस की कमान संभाली। उन्होंने कांग्रेस के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों को एक-एक कर मतदान के लिए रवाना किया। इस दौरान बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीना, पूर्व उप जिला प्रमुख सत्येंद्र मीना, पीसीसी सचिव एवं जिले के सह प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला और पूर्व सरपंच ग्यारसीलाल गुर्जर सहित कांग्रेस के नेता मौजूद रहे।

भाजपा सदस्यों के प्रवेश पर कांग्रेस ने जताई आपत्ति

मतदान के लिए जिला परिषद सदस्यों को हायर सेकेंडरी स्कूल से बनाए गए प्रवेश द्वार से अंदर जाना था। हालांकि भाजपा के छह सदस्य कलेक्ट्रेट के अंदर से मतदान करने पहुंचे। इस पर हिंडोली विधायक अशोक चांदना और कांग्रेस जिलाध्यक्ष महावीर मीना ने आपत्ति जताई। उन्होंने अधिकारियों के समक्ष नाराजगी जाहिर करते हुए निर्धारित प्रवेश व्यवस्था का पालन नहीं होने पर सवाल उठाए।

चांदना बोले- जनता ने कांग्रेस का जिला प्रमुख बनाया

चुनाव परिणाम के बाद पूर्व मंत्री एवं हिंडोली विधायक अशोक चांदना ने कहा कि जनता ने कांग्रेस का जिला प्रमुख बनाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह सौभाग्य की बात है कि जनता ने अपने मतों के माध्यम से देश और प्रदेश की सरकारों के प्रति अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। चांदना ने कहा कि आने वाले समय में जनता की उम्मीद कांग्रेस से बढ़ी है और पंचायत चुनावों के परिणामों में यह दिखाई दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टियों पर पुलिस के बल पर दादागिरी करने वालों को जनता ने चुनाव में जवाब दिया है।

हरिमोहन शर्मा बोले- भाजपा के प्रति जन आक्रोश का परिणाम

बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव में प्रदेशभर में कांग्रेस के पक्ष में आए परिणाम भाजपा के प्रति जनता में व्याप्त जन आक्रोश को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण जनता के सामने भाजपा सरकार की ओर से पैदा की गई परिस्थितियों का असर चुनाव परिणामों में दिखाई दिया है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को जनता ने पूर्ण बहुमत दिया है। पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरे और इसी एकजुटता के साथ जीत दर्ज की।

ग्रामीण क्षेत्रों का विकास पहली प्राथमिकता -हंसा गुर्जर

जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद हंसा गुर्जर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास उनकी पहली प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने कहा कि वह जिला प्रमुख बनने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतरी थीं और जनता ने उन्हें जीत का आशीर्वाद दिया है। अब वह जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देंगी।

राजनीतिक परिवार से हैं हंसा गुर्जर

नवनिर्वाचित जिला प्रमुख हंसा गुर्जर जिला परिषद के वार्ड 21 से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में जीतकर आई थीं। उनके ससुर ग्यारसीलाल गुर्जर चेता ग्राम पंचायत के दो बार सरपंच रह चुके हैं, जबकि उनके पति भोलाशंकर गुर्जर निवर्तमान चेता सरपंच रहे हैं। ग्यारसीलाल गुर्जर कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और विधायक अशोक चांदना के करीबी माने जाते हैं। हंसा गुर्जर का पीहर मेंडी में है, ये परिवार भी राजनिति जुड़ा है। हंसा गुर्जर के जिला प्रमुख निर्वाचित होने के साथ बूंदी जिला परिषद में कांग्रेस ने अपना नेतृत्व स्थापित किया है।

कोई गलती दिखी? हमें बताएं · संपादकीय नीति

और पढ़ें: bundi