📅 सोमवार, 23 नवंबर 2026
ताज़ा
बूंदी : पंडित नेहरू की प्रतिमा हटाने पर बवाल,आक्रोशित कांग्रेसियों का हंगामाबूंदी में पुनर्मतदान के बाद कांग्रेस का दबदबा बरकरार, जिला परिषद की 27 में से 21 सीटों पर जीतबूंदी में कांग्रेस-भाजपा के लिए चुनौती बना तीसरा मोर्चा, 23 सीटें जीतकर बदले पंचायतों के समीकरणपारिवारिक विवाद में बहू ने ससुर पर किया चाकू से हमला,आरोपी फरारकोटा में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी श्रद्धालुओं से भरी क्रूजर, 9 की मौत, 8 घायलपंचायत राज चुनाव में कांग्रेस की जीत से बूंदी की सियासत में उभरे सत्येश शर्मा

बूंदी में कांग्रेस-भाजपा के लिए चुनौती बना तीसरा मोर्चा, 23 सीटें जीतकर बदले पंचायतों के समीकरण

CITY NEWS · · 6 मिनट में पढ़ें
बूंदी में कांग्रेस-भाजपा के लिए चुनौती बना तीसरा मोर्चा, 23 सीटें जीतकर बदले पंचायतों के समीकरण
अक्षर:

तीसरे मोर्चे ने बढ़ाई राजनीतिक हलचल, के.पाटन में प्रधान बनाने की स्थिति में, लाखेरी में कांग्रेस के बराबर सीटें

बूंदी। जिले की पंचायत राजनीति में इस बार हाथी की चाल ने कांग्रेस और भाजपा के पुराने सियासी समीकरणों को चुनौती दे दी है। जिला परिषद की 27 सीटों में से कांग्रेस ने 21 सीटें जीतकर अपना दबदबा कायम किया है, लेकिन पंचायत समिति चुनावों के नतीजों ने राजनीति की अलग तस्वीर पेश की है। जिले की 142 पंचायत समिति सीटों में कांग्रेस को 77, भाजपा को 39, बसपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने वाले तीसरे मोर्चे को 23 और निर्दलीयों को 4 सीटों पर जीत मिली है। तीसरे मोर्चे का यह प्रदर्शन इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कई पंचायत समितियों में प्रधान पद का गणित अब उसके समर्थन पर निर्भर हो गया है।

बूंदी की राजनीति लंबे समय से कांग्रेस और भाजपा के बीच घूमती रही है, लेकिन इस बार तीसरे मोर्चे ने बहुजन समाज पार्टी के चुनाव चिह्न हाथी पर एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरते हुए अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। जिले की आठ पंचायत समितियों में प्रत्याशी उतारने वाले इस मोर्चे ने कई जगह मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया। चुनाव परिणामों के बाद कुछ पंचायत समितियों में तीसरा मोर्चा सीधे प्रधान पद की दावेदारी की स्थिति में है, जबकि अन्य जगह उसके सदस्य सत्ता के समीकरण तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

केशवरायपाटन में तीसरे मोर्चे की नजर प्रधान पद पर

तीसरे मोर्चे के प्रदर्शन का सबसे बड़ा राजनीतिक असर केशवरायपाटन पंचायत समिति में दिखाई दिया है। यहां तीसरे मोर्चे ने 7 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस को 4, भाजपा को 3 और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है। ऐसी स्थिति में एक निर्दलीय सदस्य का समर्थन मिलने पर मोर्चा प्रधान पद के लिए आवश्यक संख्या जुटा सकता है। एक निर्दलीय सदस्य के समर्थन को लेकर प्रधान पद का गणित तय होना है। यहां विधायक सीएल प्रेमी की राजनीतिक भूमिका और कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि उनके स्वास्थ्य संबंधी कारणों को देखते हुए चुनाव परिणामों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी उनके ऊपर डालना उचित नहीं होगा। जिला संगठन की रणनीति और सामूहिक चुनाव प्रबंधन की समीक्षा अलग विषय है।

लाखेरी में कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के बराबर सदस्य

लाखेरी पंचायत समिति में कुल 15 वार्डों में कांग्रेस और तीसरे मोर्चे बीएसपी ने 6-6 सीटें जीतकर बराबरी की है, जबकि भाजपा को 3 सीटें मिली हैं। यहां किसी भी पक्ष को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। ऐसे में प्रधान पद के चुनाव में तीनों भाजपा सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है। कांग्रेस प्रधान बनाने के लिए प्रयासरत है, वहीं तीसरे मोर्चे के सदस्य भी सत्ता के समीकरण में अहम भूमिका निभा सकते हैं। अब सभी की नजर भाजपा सदस्यों के रुख और राजनीतिक समर्थन पर रहेगी।

नैनवां में भी तीसरे मोर्चे ने बनाई जगह

नैनवां पंचायत समिति में कांग्रेस ने 10, भाजपा ने 8 और तीसरे मोर्चे ने 4 सीटों पर जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस को सबसे अधिक सीटें मिली हैं, जबकि भाजपा और तीसरे मोर्चे ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। इन चार सदस्यों की भूमिका पंचायत समिति की राजनीति में महत्वपूर्ण रह सकती है। नैनवां में तीसरे मोर्चे की जीत ने यह भी संकेत दिया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं के सामने अब कांग्रेस और भाजपा के अलावा तीसरा राजनीतिक विकल्प भी मौजूद है।

नरेश मीणा की राजनीति और हाड़ौती के नए समीकरण

बूंदी में तीसरे मोर्चे के उभार के पीछे नरेश मीणा की राजनीतिक सक्रियता और उनके समर्थकों की भूमिका भी चर्चा में है। जेल में रहने के बावजूद उनके नाम और राजनीतिक प्रभाव को लेकर चुनाव के दौरान चर्चाएं बनी रहीं। नरेश मीणा और कांग्रेस के रिश्तों में भी कई बार तल्खी सामने आई है। उनका विरोध कांग्रेस के बजाय पार्टी के कुछ नेताओं, विशेषकर प्रमोद जैन भाया और अशोक चांदना के साथ राजनीतिक टकराव के रूप में भी देखा जाता रहा है। दूसरी ओर भाजपा सांसद ओम बिरला पर भी नरेश मीणा के तीखे राजनीतिक हमले सामने आते रहे हैं।

हाड़ौती की राजनीति में प्रहलाद गुंजल की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में नरेश मीणा और प्रहलाद गुंजल के बीच भविष्य में किसी तरह का राजनीतिक तालमेल बनता है या नहीं, इस पर भी राजनीतिक चर्चाएं हैं। हालांकि फिलहाल किसी औपचारिक गठबंधन या राजनीतिक समझौते की स्थिति सामने नहीं आई है।

कांग्रेस की जिला परिषद में जीत, पंचायत समितियों में अलग तस्वीर

जिला परिषद में 21 सीटें जीतकर कांग्रेस ने जिले में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है, लेकिन पंचायत समिति चुनावों में मिले नतीजे पार्टी के लिए अलग तरह की चुनौती पेश कर दी हैं। दूसरी ओर भाजपा को भी 142 मेसे 39 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। तीसरे मोर्चे की 23 सीटों ने दोनों प्रमुख दलों के सामने स्थानीय स्तर पर समर्थन जुटाने की चुनौती खड़ी कर दी है। तीसरे मोर्चे का यह प्रदर्शन आने वाले विधानसभा चुनावों में कितना प्रभाव डालेगा, यह भविष्य के राजनीतिक घटनाक्रम पर निर्भर करेगा। यदि ग्रामीण क्षेत्रों में तीसरा मोर्चा अपने संगठन और जनाधार को मजबूत करने में सफल रहता है तो आने वाले चुनावों में भी उसकी राजनीतिक भूमिका चर्चा का विषय बनी रह सकती है।

फिलहाल बूंदी जिले की पंचायत राजनीति में जिला परिषद की जीत कांग्रेस के खाते में है, लेकिन पंचायत समितियों में प्रधान पद का गणित कई जगह अलग कहानी बयां कर रहा है। केशवरायपाटन में तीसरे मोर्चे की दावेदारी, लाखेरी में कांग्रेस के साथ बराबरी और नैनवां में चार सीटों की मौजूदगी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब पंचायतों की राजनीति में तीसरे मोर्चे की भूमिका को नजरअंदाज करना आसान नहीं होगा।

कोई गलती दिखी? हमें बताएं · संपादकीय नीति

और पढ़ें: bundi