JEE Main- 2022 पेपर एनालेसिस- दूसरे दिन गणित कठिन तो रसायन विज्ञान रहा आसान

कोटा। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा यानी JEE Main- 2022 के दूसरे सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को परीक्षा में गणित मध्यम रूप से कठिन था। जबकि रसायन विज्ञान तीन विषयों में सबसे आसान था। कुल मिलाकर, यह पेपर छात्रों के अनुसार मध्यम स्तर का था। प्रश्न पत्र को लेकर छात्रों की प्रतिक्रिया अलग-अलग है।
कुछ छात्रों के हिसाब से गणित का पेपर कठिन रहा तो कुछ के लिए भौतिकी आसान रहा तो आमतौर पर छात्रों के लिए रसायन विज्ञान की पेपर आसान रहा है। जेईई मेन 2022 परीक्षा में प्रत्येक खंड से कुल 30 प्रश्न पूछे गए थे। 20 प्रश्न बहुविकल्पीय प्रकार के थे, जबकि अन्य 10 प्रश्न न्यूमेरिकल थे। 10 न्यूमेरिकल प्रश्नों में से पांच करने थे।
मोशन एजुकेशन के सीईओ और फाउंडर नितिन विजय ने बताया कि फिजिक्स में पूछे गए प्रश्न आसान से मध्यम कठिनाई स्तर के थे। न्यूमेरिकल प्रश्न डायरेक्ट फार्मूला आधारित थे। लॉजिक गेट से कोई सवाल नहीं पूछा गया। तीनों खंडों में केमिस्ट्री सबसे आसान था। जेईई मेन 2022 केमिस्ट्री सेक्शन में सीधे सवाल पूछे गए थे। पूछे गए विषय रोजमर्रा की जिंदगी में रसायन विज्ञान, पॉलिमर, कार्बनिक से प्रमुख भाग थे। मैथ्स के प्रश्न कठिन थे। गणितीय तर्क, सांख्यिकी, सीधी रेखा, सीमा और कार्य, प्रायिकता जैसे विषयों से प्रश्न पूछे गए थे।
गौरतलब है एनटीए इस साल दो सत्रों में जेईई मेन्स 2022 परीक्षा का आयोजन कर रहा है। जेईई मेन सत्र एक का परिणाम पहले ही घोषित किया जा चुका है। जेईई मेन सत्र 2 परीक्षा का आयोजन पहले 21 जुलाई को किया जाना था, जिसे किन्हीं कारणों से स्थगित कर दिया और परीक्षा रविवार यानी 25 जुलाई से शुरू हुई। इस परीक्षा के लिए 6 लाख से अधिक छात्रों ने आवेदन किया है। एनटीए 27, 28, 29 और 30 जुलाई को भी ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन मेन सत्र 2 आयोजित करेगा। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 जबकि दूसरी दोपहर 3 बजे से शुरू होकर 6 बजे तक होगी। जेईई मेन सत्र 2 परीक्षा का आयोजन देश के भीतर 500 शहरों और विदेश के 17 शहरों में किया जा रहा है।