अलवर : महिला के साथ गेस्ट हाउस में मिला पुलिस का हेड कांस्टेबल, संदिग्ध हालत में गिरफ्तार

अलवर। जिले की पुलिस ने अपने ही महकमे के एक हेड कांस्टेबल को महिला मित्र के साथ संदिग्ध हालत में मिलने पर उसे गिरफ्तार (Head constable arrested after finding him in suspicious condition with female friend) कर लिया है। हेड कांस्टेबल धन सिंह के साथ गेस्ट हाउस के संचालक को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल ने वर्दी का रौप झाड़ते हुये पुलिसकर्मियों से उलझने की कोशिश भी की। लेकिन उसकी धौंस चल नहीं सकी। पुलिस ने महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है, पुलिस की यह कार्रवाई महकमे में चर्चा का विषय बन गई है।
सहायक उप निरीक्षक मदनलाल ने बताया कि हेड कांस्टेबल धन सिंह को रविवार रात को शहर में पुलिस कंट्रोल रूम के पास बने राजधानी गेस्ट हाउस से पकड़ा है। वह वहां अपनी महिला मित्र के साथ संदिग्ध हालत में मिला था। हेड कांस्टेबल धन सिंह भिवाड़ी में तैनात है। पुलिस ने हेड कांस्टेबल के साथ मिली महिला को उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।
पुलिस ने हैड कांस्टेबल और गेस्ट हाउस संचालक सहित 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गेस्ट हाउस में महिला के साथ होने पर हेड कांस्टेबल से जब जवाब मांगा गया तो उसने पुलिसकर्मियों को धमकाया और उनसे उलझ गया। हेड कांस्टेबल धन सिंह पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर हेड कांस्टेबल और गेस्ट हाउस के संचालक सहित 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को इसके बारे में मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी, उसके बाद पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार करने के बाद भिवाड़ी पुलिस को अवगत करा दिया है। वहीं भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हेड कांस्टेबल के खिलाफ आवश्यक काईवाई की जायेगी। बहरहाल, मामले की जांच जारी है।