बाड़मेर। जिले के समदड़ी पुलिस थाने में देर रात एक कांस्टेबल छत से गिरने से घायल (Constable injured after falling from roof) हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कांस्टेबल को जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
थानाधिकारी मिठाराम चौहान ने बताया कि शुक्रवार देर रात को समदड़ी में बारिश आने की वजह से लाइट चली गई थी। थाने में रहने वाले कांस्टेबल बाहर आए। लाइट आने के बाद सभी वापस अपने क्वार्टर में चले गए। लेकिन कांस्टेबल राज राकेश फोन पर बात करते हुए छत पर चला गया। वहां पैर स्लिप होने से वह गिर गया। सुबह जब कांस्टेबल उठे तो घायल अवस्था में उसे बाहर पड़ा देखा। उसके बाद साथी कांस्टेबल उसे समदड़ी अस्पताल ले गए।
जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे जोधपुर रेफर कर दिया गया। कांस्टेबल के सिर पर चोट लगी है। सूचना पर बालोतरा डीएसपी धनफुल मीणा भी अस्पताल पहुंचे और कांस्टेबल के स्वास्थ्य की जानकारी ली।