बूंदी। (कलीमुददीन अंसारी)। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) शनिवार को सुबह 8 बजे केशोरायपाटन मेगा हाईवे स्थित रिलायंस पैट्रोल पंप के निकट से प्रारंभ (Starting near Reliance Petrol Pump located on Keshoraipatan Mega Highway) हुई। जो 14 किमी का सफर तय कर अरनेठा पहुंची। जहां भारत जोड़ो यात्रा का लंच ब्रेक रखा गया। यहां से यात्रा पुनः दोपहर 3.30 बजे शुरू होकर यात्रा के शनिवार को अंतिम पड़ाव कापरेन के बालापुरा चौराहे तक 9.6 किमी का सफर तय किया। यात्रा का रात्रि विश्राम कोडक्या, बाजडली रेलवे फाटक के पास रहा। यात्रा में मौजूद कार्यकर्ता गर्मजोशी से राहुल गांधी जिंदाबाद और कांग्रेसी पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे।
हाथ हिलाकर अभिवादन कर चलते रहे राहुल गांधी
भारत जोड़ो यात्रा जिन मार्गाे से निकली, लोग राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए तैयार खड़े रहे, ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के आसपास भी लोग खेतों से निकलकर राहुल गांधी के स्वागत के लिए निकल आए। राहुल गांधी सड़क के दोनों और जमा लोगों, छत और दुकानों से यात्रा को देख रहे लोगों से हाथ हिलाकर अभिवादन करते चल रहे थे। यहां तक की रैली मार्ग में बच्चे भी हमारा नेता कैसा हो राहुल गांधी जैसा हो के नारे लगा रहे थे। कई जगहों पर लोगों ने भारत जोड़ो यात्रियों का पेयजल पिलाकर एवं गुड़ खिलाकर स्वागत किया।
सारे जहां से अच्छा हिंदुस्ता हमारा की स्वर लहरियां बिखेरते हुए चल रहे थे
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कच्ची घोड़ी पर राजस्थानी गीतो पर कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे थे, तो वही बैंड वादक सारे जहां से अच्छा हिंदुस्ता हमारा की स्वर लहरियां बिखेर ते हुए चल रहे थे जिससे वातावरण देशभक्तिमय बन रहा था। सुरक्षा घेरे में चल रहे राहुल गांधी से मिलने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण यात्रा के पीछे दौड़ते नजर आए, वही यात्रा के दौरान राहुल गांधी की चलने की स्पीड के आगे नोजवान युवाओं की सांसे भी फूलती नजर आई। कई युवा 2- 3 किलोमीटर चलने के बाद वाहनो में बैठकर चलते दिखे।
स्वागत के लिए सजे मंचो पर अभिवादन करते हुए बिना रुके ही आगे निकले
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल कांग्रेस नेता राहुल गांधी का स्वागत करने के लिए शुगर मिल चौराहे पर इंदिरा कॉलोनी की महिलाएं स्वागत के लिए मंच पर हाथ में माला लेकर खड़ी रही, वहीं गणेश पाठक के आगे सुंदरम होटल के निकट पुर्व मंत्री हरीमोहन शर्मा और उनके समर्थको द्वारा वेद मंत्रोचार के साथ यात्रीयो का स्वागत किया गया। इसके साथ ही गुजर समाज ने मंच लगाकर लोकगीत के साथ स्वागत कार्यक्रम रखा गया था। लेकिन राहुल गांधी अभिवादन करते हुए बिना रुके ही आगे निकल गए।
यात्रा में राज्यमंत्री अशोक चांदना का दिखा मजबूत दबदबा
भारत जोड़ो यात्रा में हिंडोली- नैनवा से विधायक खेल राज्यमंत्री अशोक चांदना का मजबूत दबदबा देखने को मिला, यहां चांदना के साथ पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, पूर्व विधायक सीएल प्रेमी भी अपने समर्थकों के साथ भारत जोड़ो यात्रा में अपना दम दिखाते नजर आए। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने केशोरायपाटन के पूर्व विधायक सीएल प्रेमी एवं पूर्व जिला प्रमुख राकेश से भी बातचीत की।
रेस्टोरेंट पर किया अल्पाहार
राहुल गांधी व मुख्यमंत्री गहलोत सहित यात्रा में शामिल अन्य मंत्रियों व वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा मार्ग पर बालाजी रेस्टोरेंट पर अल्पाहार किया। इस दोरान यात्रा रूकी रही।
कोटा के कोचिंग छात्र-छात्राओं के साथ चर्चा की
राहुल गांधी ने दोपहर को अरनेठा में बनाए गए लंच स्थल पर शनिवार को अनुप्रति योजना के तहत जेईई- नीट में मुफ्त कोचिंग के लाभान्वित छात्र-छात्राओं के साथ चर्चा की। इस योजना में राजस्थान कांग्रेस सरकार मुफ्त कोचिंग उपलब्ध करवा रही है। इस दौरान एलन, रेजोनेंस, मोशन कोचिंग के लीडर्स भी मौजूद रहे। राहुल ने कोचिंग छात्रों को बुलाकर बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने राहुल गांधी से कई सवाल किए, जिस पर उन्होंने सहजता से जवाब दिए। वहीं राहुल गांधी ने कोचिंग संचालकों से भी बातचीत की।
सफाई कर्मियों से मिले, दूर तक साथ चलें
यात्रा के दौरान राहुल गांधी सफाई कर्मियों से भी मिले और उनसे दिनचर्या के कार्यो पर चर्चा की। गांधी खुलकर चर्चा करते हुए लंबी दूरी तक सफाई कर्मियों के साथ चलें। राहुल गांधी दिव्यांग जनों, छात्रों, महिलाओ और किसानों से सहित यात्रा मार्ग में खड़ें लोगो से मिले और बातचीत की और साथ फोटो भी खिचवाये।
यहां सभी धर्मो के धर्मगुरू भी क़दमताल मिलाते नजर आये
भारत जोड़ो यात्रा के दोरान जोड़ो जोड़ो, भारत जोड़ो, नफरत छोड़ो, मोहब्बत का पैगाम फैलाते, जाओ, हिन्दू, मुस्लिम, सिक्ख, ईसाई आपस में भाई भाई की क़दमताल, राहुल गांधी के साथ लगाते नजर आये।
मुख्यमंत्री सहित कई नेता हुए यात्रा में शामिल
यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पुर्व मुख्य मंत्री दिग्विजय सिंह, मिडिया चेयरपर्सन जयराम रमेश, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, राजस्व मंत्री रामलाल जाट, प्रभारी मंत्री जाहिदा खान, खेल राज्य मंत्री अशोक चांदना, रामेश्वर डूडी, क्रिड़ा परिषद चेयरमैन कृष्णा पूनिया, विधायक दिव्या मदेरणा, एससी आयोग चैयरमेन खिलाडी लाल बैरवा, राजस्थान पीसीसी चेयरपर्सन अर्चना शर्मा, पीसीसी प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी, पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, पूर्व विधायक सीएल प्रेमी, जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर, पूर्व जिला प्रमुख राकेश बोयत, खादी ग्राम उद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, डॉ. चंद्रशेखर सुशील, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा, केशोरायपाटन पालिका चेयरमैन कन्हैयालाल कराड़, पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष संजय तंबोली, चर्मेश शर्मा, जगरूप सिंह रंधावा, शाहबुद्दीन जेड़, अजीज खान, राजीव लोचन गौतम, मनीष मेवाड़ा, कांग्रेस आईटी सेल के मामून खान, भरत शर्मा, महेश दाधीच, सहित हजारों कार्यकर्ता यात्रा में शामिल थे।